top hindi blogs

रविवार, 27 मई 2018

३११. बारिश


क्या तुमने कभी रात में 
बिस्तर पर लेटे-लेटे
छत पर टपकती 
बारिश की बूंदों को सुना है?

कभी धीरे से,
तो कभी ज़ोर से
बारिश की बूँदें 
तुम्हें पुकारती हैं,
तुमसे बात करना चाहती हैं,
पर तुम जागकर भी 
कुछ सुन नहीं पाते.

कहीं नाराज़ न हो जाएं 
ये बारिश की बूँदें,
छोड़ न दें 
तुम्हारी छत पर बरसना,
पर क्या फ़र्क पड़ेगा तुम्हें,
तुम्हें तो मालूम ही नहीं 
कि छत पर बरसती बूंदों का 
संगीत कैसा होता है?

मेरी मानो,
कंक्रीट की छत हटा दो,
टीन की डाल लो,
इतनी ग़रीबी में भी क्या जीना 
कि बारिश की आवाज़ भी न सुने.

शनिवार, 5 मई 2018

310. लोग

बड़े स्वार्थी होते हैं लोग,
अपना काम हो,
तो गधे को भी 
बाप बना लेते हैं,
काम निकल जाने के बाद 
दूध से मक्खी की तरह 
निकाल फेंकते हैं 
किसी को भी.

एहसानफ़रमोश होते हैं लोग,
धोखेबाज़ भी,
ज़रूरत पड़े,
तो किसी की भी पीठ में 
छुरा भोंक सकते हैं.

दोगले होते हैं लोग,
अपने लिए उनके नियम अलग 
और दूसरों के लिए अलग होते हैं,
अंदर से वे वैसे नहीं होते,
जैसे बाहर से दिखते हैं,
वे कहते कुछ और हैं, 
सोचते कुछ और हैं.

मुझे पूरा यक़ीन है
कि जो मैंने कहा है,
बिल्कुल सही है,
क्योंकि मैं ख़ुद भी 
ऐसा ही हूँ.

गुरुवार, 26 अप्रैल 2018

309. इंसान

वह आदमी,
जिससे मैं सुबह मिला था,
कमाल का इंसान था,
बड़ा दयावान,
बड़ा संवेदनशील,
किसी का बुरा न करनेवाला,
किसी का बुरा न चाहनेवाला,
सब की खुशी में खुश,
सबके दुख में दुखी.

वही आदमी जब शाम को मिला,
तो बदला हुआ था,
निहायत घटिया किस्म का,
दूसरों के दर्द से बेपरवाह,
स्वार्थी, संवेदनहीन,
पीठ में छुरा भोंकनेवाला।

मैं सोचता हूँ,
सुबह का इंसान 
शाम तक अमानुष कैसे बन जाता है,
सचमुच आसान नहीं होता 
इन्सानों को समझना. 

शुक्रवार, 20 अप्रैल 2018

३०८. पीढियां

मेरी नानी चाहती थी 
कि कुछ आदतें  
उनसे उनकी बेटी को मिले, 
पर मेरी माँ ने मेरी नानी से 
थोड़ी-सी आदतें ही लीं.

मेरी माँ भी चाहती थी 
कि मैं उनसे अपनी नानी की 
थोड़ी-सी आदतें ले लूं,
पर या तो मैं ले नहीं पाई 
या लेना ही नहीं चाहती थी.

अब मुझमें मेरी नानी का 
खून तो बहुत है,
पर उनका कोई गुण,
कोई आदत
शायद ही मिले. 

हर अगली पीढ़ी 
पिछली पीढ़ी से 
इसी तरह अलग हो जाती है,
पीढ़ियों के बीच बस 
खून का रिश्ता चलता रहता है.

शनिवार, 14 अप्रैल 2018

३०७.अँधेरा

कल रात बहुत बारिश हुई,
धुल गया ज़र्रा-ज़र्रा,
चमक उठा पत्ता-पत्ता,
बह गई राह की धूल,
निखर गई हर चीज़,
पर अँधेरा पहले-सा ही रहा,
छू भी नहीं पाई उसे 
बारिश की बूँदें.

जब बारिश थमी,
तो अँधेरा उतना ही घना था,
उसे भिगोना संभव नहीं था,
उसे भगाना ज़रूरी था,
उससे निपटने के लिए 
बारिश की नहीं, 
सूरज की ज़रूरत थी.