top hindi blogs

शनिवार, 23 फ़रवरी 2013

६९.आदर्श

मुझे नहीं बनना तुम्हारा आदर्श.

मैं बस मैं बना रहना चाहता हूँ,
वह नहीं जो तुम सोचते हो कि मैं हूँ,
मेरी कमजोरियां सामने आने दो,
थोड़ा-सा मोहभंग हो जाने दो,
मैं चाहता हूँ थोड़ा बेशर्म बनना,
थोड़ी बेहूदा हरकतें करना,
थोड़ा झूठ बोलना, लड़ना- झगड़ना,
नाराज़ होना, बदला लेना,
पीठ पीछे थोड़ी बुराई करना.

तोड़ डालो वह छवि,
जो मेरी तुम्हारे मन में है,
मुझे देखो,समझो,जानो,
मैं भी औरों की तरह 
एक ओछा-सा इंसान हूँ 
और इसी में खुश हूँ.

मुझे मत बनाओ भगवान,
मत करो अपेक्षाओं में क़ैद,
मुझे ज़रा सांस लेने दो,
मुझे ज़रा जीने दो,
मुझे नहीं बनना तुम्हारा आदर्श,
मुझे नहीं बनना किसी का भी आदर्श.

शनिवार, 16 फ़रवरी 2013

६८.मैं

मेरे घर की दहलीज़,
कितनी बार कहा तुझसे 
कि जब मैं बाहर से आऊं 
तो जूतों के साथ 
उतरवा लिया करो 
मुझसे मेरा मैं भी.

बहुत ढीठ है यह मैं,
हमेशा लगा रहता है साथ,
दफ्तर में, बाज़ार में,
बस में, रास्ते में,
हर जगह...
कम से कम घर में तो छोड़ दे 
मुझे मेरे हाल पर, 
पड़ा रहे जूतों के साथ
दहलीज़ के बाहर,
पर नहीं, यह बेशर्म
घुस आता है मुंह उठाए 
मेरे साथ मेरे घर में.

इस मैं के साथ
मैं मैं नहीं रहता,
घर चाहे जो भी हो 
घर नहीं रहता.

रविवार, 10 फ़रवरी 2013

६७.कविता की खोज

कल एक कविता ख्यालों में आई,
मैं पकड़ पाता हाथ बढ़ाकर
इससे पहले गायब हो गई.

बहुत परेशान हूँ मैं,
कैसे रपट लिखाऊं,
कैसे इश्तेहार छपवाऊँ,
गुमशुदा अपनी कविता को 
कैसे लौटाकर लाऊँ?

कोई शक्ल-सूरत हो
तो उसे खोजा भी जाए,
जो कागज़ पर उतरने से पहले ही 
गायब हो गई हो,
उस कविता को कैसे ढूँढा जाए?


शुक्रवार, 25 जनवरी 2013

६६.पतंग

मैं, रंग-बिरंगी, चमकीली,
उड़ती रही हवा में अनवरत,
जाती रही बादलों के पार,
झूमती रही मस्ती में,
झुक-झुक कर देखती रही 
नीचे पड़ी बेबस-सी ज़मीन 
और उसकी पिद्दी-सी चीज़ों को.

बड़ा भा रहा था मचलना, मटकना,
किसी भी रोक-टोक का न होना,
लगता था जैसे यही मेरा घर है,
जैसे यही मेरी ज़िंदगी है.

न जाने अचानक क्या हुआ,
नियंत्रण खो बैठी मैं खुद पर,
धड़ाम से आ गिरी ज़मीन पर,
जहाँ मुझे लपकने के लिए 
लोग बल्लियाँ लिए खड़े थे.

काश, समय रहते मैं जान जाती
कि मेरी डोर किसी और के हाथ में है,
कि आसमान की मेरी उड़ान मेरी नहीं,
कि जो ज़मीन छोटी-सी दिखती है ,
अंततः मुझे वहीँ लौटना है. 

शुक्रवार, 18 जनवरी 2013

६५. अकेला

तुम कभी अकेले नहीं हो,
अगर अपने साथ तुम खुद हो.

सभी तुम्हारा साथ छोड़ जांय,
तो भी डरने की कोई बात नहीं,
न ही मुंह छिपाने की कोई बात है,
न ही इसमें कहीं कोई हार है.

अगर ऐसा हो जाय कि सभी 
एक-एक कर तुमसे अलग हो जांय,
तो अपने से थोड़ा दूर जाना,
देखना कि क्या तुम अपने साथ हो.

अगर हाँ, तो फिर तुम अकेले नहीं,
अगर ना,तो खुद को ऐसा बदलना
कि तुम खुद अपने साथ हो जाओ,
देखना, वे लोग भी साथ आ जाएँगे,
जो एक-एक कर तुमसे  दूर हुए थे.

अगर कोई साथ न आए 
तो भी कोई परवाह नहीं,
अगर तुम अपने साथ हो,
तो फिर तुम अकेले कहाँ हो?