top hindi blogs

शुक्रवार, 30 जुलाई 2021

५९२. सिग्नल पर ट्रेन

 

दूर कहीं से आ रही ट्रेन 

स्टेशन के बाहर सिग्नल पर 

अचानक ठहर गई है,

चलने का नाम नहीं ले रही. 


मैं प्लेटफॉर्म पर हूँ, बेचैन हूँ,

अब और इंतज़ार नहीं होता, 

जैसे किसी भूखे के पास थाली,

किसी प्यासे के पास पानी हो,

पर खाने-पीने की मनाही हो. 


ट्रेन,इससे तो अच्छा था 

कि तुम कहीं और रुक जाती,

मैं इंतज़ार कर लेता,

पर इतने पास आकर भी 

तुम्हारा इतनी दूर रहना

अब मुझसे सहा नहीं जाता. 


रविवार, 25 जुलाई 2021

५९१.माली से




माली,

तुमने अच्छा किया 

कि सुन्दर बगिया बनाई,

ऐसे फूल खिलाए,

जिनकी महक खींच लाए 

दूर से किसी को भी,

पर अब एक-से फूलों 

और एक-सी ख़ुश्बू से 

मेरा मन ऊब रहा है. 


माली,

अब दूसरे पौधे लगाओ,

दूसरे फूल खिलाओ,

जिनमें ख़ुश्बू भले कम हो, 

पर जो थोड़े अलग हों.  

बुधवार, 21 जुलाई 2021

५९०.अख़बार



मैं नहीं पढ़ता अख़बार,

उसमें छपी ख़बरें पढ़कर 

बस उदास हो जाता हूँ,

कुछ कर नहीं पाता. 


किसका बलात्कार हुआ,

किसकी हत्या,

किसका अपहरण,

कहाँ बम फटा,

कहाँ आग लगी,

किसने घोटाला किया,

बस यही तो छपता है 

हर रोज़ अख़बार में. 


लगता है,

न कुछ अच्छा हुआ है,

न हो रहा है,

न हो सकता है,

न कोई सच्चा है,

न कोई भरोसे-लायक. 


मेरे सामने अख़बार पढ़ो,

तो चुपचाप पढ़ना,

पन्ना पलटने की आवाज़ से भी 

डूबने लगती है 

मेरी बची-खुची उम्मीद.


रविवार, 18 जुलाई 2021

५८९. रात




कड़कती ठण्ड में ठिठुरती-सी रात,

कोहरे में लिपटी सहमी-सी रात,

घनघोर बारिश में भीगी-सी रात,

भीषण गर्मी में दहकती-सी रात. 


पत्थरों पर बिछी हुई चुभती-सी रात,

तीन बटा छः की संकरी-सी रात,

दर्द के मारे कराहती-सी रात,

खनकती आवाज़ों में सिसकती-सी रात. 


कभी कहीं,कभी कहीं गुज़रती-सी रात,

गालियों-डंडों से बचती-सी रात, 

टुकड़ों-टुकड़ों में बिखरती सी रात,

छोटे से दिन की लंबी सी रात. 


शुक्रवार, 16 जुलाई 2021

५८८.संकल्प


घूम-घूम कर आता है
वह ज़िद्दी मच्छर,
भिनभिनाता है
मेरे कानों के पास,
जैसे बजा रहा हो
खुले आम रणभेरी.