top hindi blogs

गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026

873. करवा चौथ

 


मेरे घर आना,

तो करवा चौथ पर आना,

वही एक दिन है,

जब मुझे अपना घर 

अपना-सा लगता है। 

++

करवा चौथ के दिन
मैं चाँद से कहता हूँ,
समय पर उग जाना,
वह देर से उगता है,
तो दोषी उसे नहीं,
मुझे ठहराया जाता है।

++

करवा चौथ के दिन 

इतना शांत होता है मेरा घर

कि यह मुझे अपना नहीं, 

किसी और का घर लगता है। 

++

करवा चौथ के बाद 

पत्नी का मूड ऐसे बदलता है,

जैसे बरसात के तुरंत बाद 

निकल आए कड़ी धूप। 

गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026

872. लड़ाइयाँ

 


मैं बीवी से लड़ा,

बच्चों से लड़ा, 

परिवार से लड़ा,

पड़ोसियों से लड़ा। 


मैं मुहल्ले से लड़ा,

शहर से लड़ा,

देश से लड़ा,

दुनिया से लड़ा। 


मैं भूल गया 

ख़ुद  से लड़ना,

ख़ुद से लड़ा होता,

तो मुझे नहीं लड़नी पड़तीं

इतनी सारी लड़ाइयाँ। 




बुधवार, 14 अक्टूबर 2026

871. सीमाएं

 



जो मैंने सोचा था,

वह मैं कर नहीं पाया,

जो मैं कर पाया,

वह मैंने सोचा नहीं था। 


जो मैं कर पाया,

वह बहुत अच्छा था,

पर जो मैं कर नहीं पाया,

उसको न  कर पाने की कसक 

हमेशा मेरे साथ रहती है। 


अब मैं न वह कर पाता हूँ, 

जो मैंने सोचा है,

न वह, जो मैं कर सकता हूँ,

पर जो मैंने सोचा नहीं है।