मेरी साइकिल की
नई-नई ट्यूब में
पंक्चर क्या हुआ,
सब मान बैठे
कि ट्यूब कमज़ोर है.
कभी-कभी ट्यूब
बहुत मज़बूत होती है,
पर घुस जाती है उसमें
कोई नुकीली चीज़ अचानक.
कभी-कभी जानबूझकर भी
घुसा दी जाती है
ट्यूब में कोई कील
या निकाल दी जाती है हवा
ताकि वह चल न सके.
हमेशा यह मानना
सही नहीं होता
कि पंक्चर होने का कारण
कमज़ोर होना ही होता है.
