मेरे गाँव,
मैं वापस लौट रहा हूँ.
सिर पर गठरी उठाए,
छालों भरे पाँवों से
थके बदन को घसीटते
मैं निकल पड़ा हूँ
सैकड़ों मील की यात्रा पर.
गिरते-पड़ते, ठोकरें खाते
लहूलुहान पांव लिए
शायद पहुँच जाऊं तुम तक.
अगर पहुँच जाऊं,
तो दुत्कारना नहीं मुझे,
माफ़ कर देना वह पाप,
जो तुम्हें छोड़कर मैंने किया था.
अगर पूरी न कर पाऊँ यात्रा,
तो भी स्वीकार कर लेना मुझे,
मुझे फूल बनकर खिलना है ,
ख़ुश्बू बनकर तुम्हारी
हवाओं में बिखरना है .