
विचारों,
घुस आओ अन्दर,
मैं कब से इंतज़ार में हूँ,
इतनी फ़ुर्सत में हूँ
कि तुम्हारा स्वागत कर सकूँ,
देख सकूँ कि तुममें से
किसे बोया जा सकता है,
सींचा जा सकता है,
बनाया जा सकता है
एक हरा-भरा दरख़्त.
विचारों,
हिचको मत,
अन्दर आ जाओ,
जो लक्ष्मण-रेखा मैंने
घर के बाहर खींची है,
वह तुम्हारे लिए नहीं है.


