इस बार गाँव में
प्रवासी पक्षी बहुत आए,
रंग-बिरंगे,
छोटे-बड़े,
अलग-अलग आवाज़ों में
चहचहानेवाले.
इस बार गाँव में
बहुत रौनक़ थी,
मेहमानों के आने से
बहुत ख़ुश थे लोग.
.
कोई उदास था,
तो वह बुढ़िया,
जिसका प्रवासी पक्षी
इस साल भी
गाँव नहीं आया था.
इस बार गाँव में
प्रवासी पक्षी बहुत आए,
रंग-बिरंगे,
छोटे-बड़े,
अलग-अलग आवाज़ों में
चहचहानेवाले.
इस बार गाँव में
बहुत रौनक़ थी,
मेहमानों के आने से
बहुत ख़ुश थे लोग.
.
कोई उदास था,
तो वह बुढ़िया,
जिसका प्रवासी पक्षी
इस साल भी
गाँव नहीं आया था.
मैंने बीस साल पहले
एक युवक को यहाँ देखा था,
फोटोकॉपी करवा रहा था वह
या शायद कुछ टाइपिंग,
उसने बड़े अजीब तरीक़े से
एक फ़ाइल बगल में दबा रखी थी।
उसके सिर पर घने काले बाल,
बदन पर अच्छे सिले कपड़े,
पाँवों में चमचमाते जूते थे,
उसके चेहरे पर मुस्कराहट
और आँखों में उम्मीद थी।
बीस साल बाद
आज मैं फिर उधर से गुज़रा,
मैंने देखा, एक बूढ़ा आदमी
फोटोकॉपी करवा रहा था
या शायद कुछ टाइपिंग,
उसके कपड़े फटे हुए थे,
वह घिसी हुई चप्पलें पहने था।
उसके चेहरे पर झुर्रियाँ,
आँखों में मायूसी थी,
सिर पर बाल लगभग नहीं थे,
कमर भी थोड़ी झुकी हुई थी।
उसने बड़े अजीब तरीक़े से
एक फ़ाइल बगल में दबा रखी थी,
इसी से मैंने पहचाना
कि यह वही आदमी था,
जिससे मैं बीस साल पहले मिला था।
मैंने एक कविता लिखी है,
आम कविताओं जैसी कविता,
उसमें गहरे भाव तो हैं,
पर शब्द नहीं हैं.
यह मैंने काग़ज़ पर नहीं,
किसी क़लम से नहीं,
कुछ सोचकर नहीं,
महसूस करके लिखी है.
तुम्हारे अलावा कोई और
पढ़ नहीं पाएगा इसे,
तुम भी नहीं पढ़ पाई,
तो मर जाएगी यह कविता.
आओ, मेरी आँखों में देखो,
पढ़ने की कोशिश करो,
अगर तुमने उतना भी पढ़ लिया,
जितना मैंने तुममें पढ़ा है,
तो तुम आसानी से समझ लोगी
यह बिना शब्दोंवाली कविता.
इतनी हिंसा,
इतनी नफ़रत,
इतना उन्माद!
बापू,
बहुत खलता है इन दिनों
तुम्हारा नहीं होना.
***
बापू,
कैसा लगता है तुम्हें,
जब तुम देखते हो
कि हमने तुम्हें याद भी रखा है
और भूल भी गए हैं.
***
बापू,
तुम्हारे तीनों बन्दर
सही सलामत हैं,
न बुरा देखते हैं,
न बुरा बोलते हैं,
न बुरा सुनते हैं,
पर समझ में नहीं आता
कि तुमसे अलग होकर
वे इतने ख़ुश क्यों हैं?
तुम्हारे मोहल्ले की गलियों में,
इस शहर की सड़कों पर
मेरे क़दमों ने जो लिखा है,
वक़्त मिले तो पढ़ लेना.
खम्भे का सहारा लेकर
तुम्हारी खिड़की को ताकते हुए
मेरी आँखों ने जो लिखा है,
वक़्त मिले तो पढ़ लेना.
तुम्हारे बंद दरवाज़े पर
दस्तक देते हुए
मेरी उँगलियों ने जो लिखा है,
वक़्त मिले तो पढ़ लेना.
वह अकेला ख़त, जो मैंने
सालों पहले तुम्हें लिखा था,
उसमें जो अनलिखा है,
वक़्त मिले तो पढ़ लेना.