इस बार ख़ूब खेली होली मैंने,
पर बात कुछ बनी ही नहीं.
बहुत लगाया अबीर-गुलाल सब ने ,
पर रंग कोई चढ़ा ही नहीं,
पिचकारियां भी चलाईं,गुब्बारे भी फेंके,
पर मन था कि भीगा ही नहीं.
ख़ूब खाईं मिठाइयाँ होली में,
पर जीभ से परे मिठास गई ही नहीं,
गले तो बहुत मिला लोगों से मगर,
मन किसी ने छुआ ही नहीं.
इस बार ख़ूब खेली होली मैंने,
पर महसूस कुछ हुआ ही नहीं,
क्या मैं बस एक दर्शक था
खेलने वाला मैं था ही नहीं?
