लॉकडाउन में
वह बाहर नहीं है,
न ही घर में है,
वह मकान में है,
ईंट,सीमेंट की
दीवारों के साथ.
उसे अब अन्दर का
लॉकडाउन तोड़ना है,
थोड़ा-सा अपनापन,
थोड़ा प्यार छिड़कना है,
उसे अपने मकान को
घर बनाना है.
अपने-अपने घरों मेंक़ैद हैं सब,
चलो, सोचते हैं, बाहर के बारे में,
उस कामवाली बाई के बारे में,
जिसकी पगार काटने को तैयार रहते हैं,
उन दिहाड़ी मज़दूरों के बारे में,
जो रोज़ कमाते,रोज़ खाते हैं,
उन डॉक्टरों,नर्सों के बारे में,
जो जान पर खेलकर जान बचाते हैं.
महसूसने के लिए,
कुछ करने के लिए,
सड़कों पर निकलना,
हाथ मिलाना,
गले लगना,
बिल्कुल ज़रूरी नहीं है.
जब मिलने के अवसर बहुत थे,
हम कतराकर निकल जाते थे,
अब लॉकडाउन में घर पर हैं,
तो मिलने को तरसते हैं.
***
जब सड़कें भरी होती थीं,
हम खोजते थे शांति,
अब सब शांत है,
तो हमें चाहिए कोलाहल.
***
जब समय नहीं मिलता था,
हम तलाशते थे आराम,
अब समय ही समय है,
तो हम खोजते हैं काम.
आओ, बालकनी में चलें,
सूरज को उगते हुए देखें,
परिंदों को चहकते हुए सुनें,
पत्तियों को हिलते हुए देखें.
महसूस करें कि सुबह-सुबह
हवा कितनी ताज़ा होती है,
फूल कितने सुन्दर लगते हैं,
तितलियाँ कैसे मचलती हैं.
लताएँ कसकर लिपट गई हैं
ऊंचे पेड़ों के सीने से,
बादल घूम रहे हैं आकाश में
इधर से उधर मस्ती में.
शाम को खिड़की पर खड़े होंगे,
डूबता हुआ सूरज देखेंगे,
महसूस करेंगे कि उगते सूरज से
डूबता सूरज कितना अलग होता है.
आओ, देख लें अनदेखा,
सुन लें अनसुना,
न जाने फिर ऐसा अवसर
कभी मिले न मिले.
लॉकडाउन में हैं,
साथ-साथ हैं,
मगर चुप हैं,
महसूस कर रहे हैं
रिश्तों की भीनी-सी आंच.
कुछ बोलेंगे,
तो कम हो सकती हैं
ये नजदीकियाँ,
शब्दों के नीचे
दब सकते हैं अहसास.
इतना बहुत है
कि हम साथ-साथ हैं,
बोलना ज़रूरी नहीं है,
बोलने से कहीं
बेअसर न हो जाय लॉकडाउन.