top hindi blogs

शनिवार, 11 अप्रैल 2020

४२२. अब जब घर में हो

Monkey, Mirror, Stare, Thinking, Monkey

अब जब घर में हो,
तो कभी आईना देख लेना,
फिर सच-सच बताना,
क्या तुम वही हो,
जो तुम सोचते हो 
कि तुम हो.
***
अब जब घर में हो,
तो उनकी भी सुध लो,
जो सालों से घर में हैं,
पर बेघर हैं.
***
अब जब घर में हो,
तो थोड़ा शांत बैठो,
बहुत भाग चुके ,
इतना कि भागते-भागते तुम
ख़ुद से आगे निकल गए हो.
***
अब जब घर में हो,
तो गिनो, 
तुम्हारे आस-पास कितनी खाइयाँ हैं,
सबको पाटने के लिए तुम्हें 
कितना लम्बा लॉकडाउन चाहिए?

गुरुवार, 9 अप्रैल 2020

४२१. पंछियों से

Dawn, Sunrise, Early Morning, Skies

पंछियों, इतना मत इतराओ,
किसी भ्रम में न रहो,
हम अभी यहीं हैं,
इसी दुनिया में,
बस चंद रोज़ और,
हम लौट कर आएंगे, 
तुम्हें वापस जाना होगा,
हमारी दुनिया में तुम्हारे लिए 
कहीं कोई जगह नहीं है.

सोमवार, 6 अप्रैल 2020

४१९. दिया और हवाएँ

Lamp, Earthen, Oil Lamp, Flame, Light
अपनी बालकनी में मैंने 
उम्मीद का एक दिया जलाया,
क्रूर हवाएँ रातभर चलती रहीं,
दिए की लौ लड़खड़ाती रही,
लगा अब बुझी,अब बुझी.

सुबह उठकर मैंने देखा,
दिया जल रहा था बिना तेल के,
बाती का आख़िरी छोर थामे था लौ को,
हवाएँ ख़ामोश थीं,
दूर आकाश में सूरज निकल रहा था.

शनिवार, 4 अप्रैल 2020

४१८. जुगनू

न मेरे पास दिया है,
न तेल, न बाती,
दिवाली की बची 
कोई मोमबत्ती भी नहीं है,
न ही कोई फ़्लैश लाइट है 
मेरे पुराने मोबाइल में.

फिर भी मैं खड़ा हो जाऊंगा 
घर की देहरी पर,
फैला दूंगा हथेलियाँ,
आ बैठेगा उनमें 
कोई-न-कोई जुगनू 
जब बंद हो जाएंगे बल्ब,
जब नहीं जल रही होगी 
कहीं कोई ट्यूबलाइट.

गुरुवार, 2 अप्रैल 2020

४१७. माँ

Hand, Human, Woman, Adult, Hands

अरसे बाद सब घर में हैं,
मुस्कराती रहती है माँ,
सबको लगता है,
बिल्कुल ठीक है वह,
सबको लगता है,
बीमार नहीं है माँ,
अभी कुछ नहीं होगा माँ को.

**

चल-फिर नहीं सकती थी माँ,
बिस्तर में ही रहती थी,
अब सब घर में हैं,
तो थोड़ा चलने लगी है वह,
सब हैरत में हैं
कि बिना घुटना बदलवाए
कैसे ठीक होने लगी है माँ?