
खिड़कियाँ खोल दो,
सूरज को अन्दर आने दो,
स्वागत करो हवा के झोंकों का,
नए मौसम की फुहारों का.
गमलों में तुमने जो फूल लगाए थे,
उनकी ख़ुशबू अन्दर आना चाहती है,
पौधों की कुछ सूखी पत्तियां
कब से देहरी पर खड़ी हैं,
कुछ परिंदे बैठे हैं मुंडेर पर,
शीशे से टकरा रहे हैं उनके गीत.
मत रोको,
आ जाने दो सबको अन्दर,
लॉकडाउन के दिनों में ख़त्म कर दो
कुछ गैर-ज़रूरी लॉकडाउन.



