
वह कुरसी, जो आँगन में पड़ी है,
बहुत उदास है.
कभी वह बैठक में होती थी,
चमचम चमकती थी,
बड़ी पूछ थी उसकी,
अब वह पुरानी हो गई है,
चमक खो गई है उसकी,
झुर्रियों जैसी लकीरों से
भर गई है वह कुरसी.
एक हाथ टूट गया है उसका,
एक पांव भी ग़ायब है,
धीरे से भी हवा चलती है,
तो कांपती है वह कुरसी.
पास से गुज़रनेवालों को
हसरत से देखती है कुरसी,
कोई नहीं बैठता उस पर,
कोई नहीं रखता उससे कोई मतलब.
इन दिनों घबराई हुई है वह कुरसी,
डरती है कि बाहर न फेंक दी जाय
पूरी तरह टूटने से पहले,
आजकल नींद में चौंक जाती है कुरसी.


