यह कैसा रहस्य है,
एक चाँद आकाश में है,
दूसरा झील में,
कौन किसकी परछाई है?
दोनों एक ही हैं या अलग-अलग?
आकाशवाला चाँद शांत है,
झीलवाला मचल रहा है,
आकाशवाले में दाग़ थोड़े ज़्यादा हैं,
वह दूर भी थोड़ा ज़्यादा है,
यह धरती का चाँद है,
वह किसी और का होगा,
इसे छू भी सकते हैं,
उसे बस देख सकते हैं.
कौन सा चाँद पहले डूबेगा,
जो झील में है वह
या जो झील के बाहर है वह?
या दोनों एक साथ डूबेंगे?
मुझे अच्छे लगते हैं
दोनों ही चाँद,
कितना अच्छा हो,
अगर दोनों अलग-अलग डूबें.

