मैं चाहता था
धीरे-धीरे, चूस-चूसकर
आइसक्रीम खाना,
पर इस कोशिश में
वह कब स्टिक से टूटी,
कब ज़मीन पर गिरी,
पता ही नहीं चला.
**
पिघल गई है ज़िन्दगी
मेरे देखते-देखते,
बस स्टिक बची है,
जिस पर कहीं-कहीं चिपकी है
थोड़ी-सी आइसक्रीम.
**
मैं रोज़ ख़रीदता हूँ
उस बच्चे से आइसक्रीम,
मुझे ख़रीदना तो अच्छा लगता है,
पर न जाने क्यों
खाना अच्छा नहीं लगता.
**
वह जो बच्चा
मेरे मुहल्ले में
आइसक्रीम बेचता है,
उसका भी मन करता है
कि वह भी खाए
कभी कोई आइसक्रीम.

