वार्डरॉब उदास हैं, पोशाकें परेशान हैं, कोई नहीं ले रहा उनकी सुध, कोई नहीं पूछ रहा आईने से कि कौन सी ड्रेस फबेगी उस पर. गहने बंद हैं पिटारियों में, हसरत से देख रहे हैं गृहिणियों को, मेकअप का सामान घुट रहा है डिबियों-बोतलों में. बीमार कर रखा है सबको कोरोना ने, सबको इंतज़ार है लॉकडाउन टूटने का.
अच्छा है,ख़ुद से मुलाक़ात हो जाती है, चिड़ियों से बात हो जाती है, फूलों के रंग देख लेते हैं, सूरज का डूबना देख लेते हैं. पर याद आते हैं लोगों के रेले, हाट में लगे सब्जियों के ठेले, एक दूजे से टकराकर निकलना, खोमचों पर खाने के लिए मचलना. अच्छा है, घरवालों के साथ रहते हैं, बहुत कुछ कहते,बहुत कुछ सुनते हैं, पर याद आता है,पार्टियों के लिए सजना और घर की कॉल बेल का अचानक से बजना.
एक चूहा बिल से निकला, थोड़ी देर घर में घूमा, फिर वापस बिल में घुस गया. उसने दूसरे चूहों से कहा, 'अभी कुछ दिन बिल में रहो, हमारे फ्लैट पर दूसरे चूहों ने कब्ज़ा कर लिया है, इंतज़ार करो उनके जाने का, जल्दी ही यह फ्लैट फिर से हमारा होगा.'