top hindi blogs

बुधवार, 25 नवंबर 2026

878. पेड़



तुमने मुझे आँगन में रोपा,
पानी दिया,
खाद दी,
देखभाल की,
कतरा मेरी बेतरतीब शाखाओं को,
बचाया मुझे आवारा जानवरों से।

अब मैं बड़ा हो गया हूँ,
मेरी छाँव, मेरी लकड़ियाँ,
मेरे फल, मेरे पत्ते-
सब पर हक़ है तुम्हारा।

तुम कुछ कहोगे,
तो मैं ध्यान से सुनूंगा,
टोकूँगा नहीं,
तुम रोना चाहो,
तो रो सकते हो,
मैं कहूँगा नहीं
कि किसी भी बात पर
रोने क्यों लगते हो,
तुम चाहो,
तो लिपट सकते हो मुझसे,
अटपटा नहीं लगेगा मुझे।

मैं आँगन में ही रहूँगा,
हमेशा तुम्हारे सामने,
हमेशा तुम्हारे साथ,
मैं पेड़ हूँ,
तुम्हारा बेटा नहीं
कि चला जाऊंगा कहीं
तुम्हें अकेला छोड़कर।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें