top hindi blogs

बुधवार, 22 अप्रैल 2020

४२७. चूहे

Mouse, Rodent, Rat, Mice, Pest, Mouse
एक चूहा बिल से निकला,
थोड़ी देर घर में घूमा,
फिर वापस बिल में घुस गया.
उसने दूसरे चूहों से कहा,
'अभी कुछ दिन बिल में रहो,
हमारे फ्लैट पर 
दूसरे चूहों ने कब्ज़ा कर लिया है,
इंतज़ार करो उनके जाने का,
जल्दी ही यह फ्लैट 
फिर से हमारा होगा.'

मंगलवार, 21 अप्रैल 2020

४२६. पिंजरे में

'राग दिल्ली' में लॉकडाउन की स्थिति पर मेरी कविता  'पिंजरे में'   यहाँ पढ़ी जा सकती है.

https://www.raagdelhi.com/sparrow/

शनिवार, 18 अप्रैल 2020

४२५. घर में हो तो

Bridge, Wooden Bridge, Color, The Fog

अब जब घर में हो,
तो बनाओ कुछ नए पुल,
मरम्मत करो उन पुराने पुलों की,
जिनमें दरारें आ गई हैं,
जो टूटने की कगार पर हैं.
***
अब जब घर में हो,
तो ध्यान से देखना,
वे काम कैसे पूरे होते हैं,
जिनके बारे में तुम सोचते थे 
कि अपने आप हो जाते हैं.
***
अब जब घर में हो,
तो अपने अन्दर देखना,
तुम हैरान रह जाओगे,
जब वहां तुम्हारी मुलाकात 
एक अजनबी से होगी.

मंगलवार, 14 अप्रैल 2020

४२४. सफ़ाई


House, Home, Icon, Symbol, Sign

चलो, आज घर में हैं,
तो थोड़ी सफ़ाई करते हैं.

तोड़ देते हैं
अहम के जाले,
बुहार देते हैं
ग़लतफ़हमियों की धूल,
डाल देते हैं मशीन में
रिश्तों की चादरें,
उतार देते हैं 
उन पर जमी  मैल.

शिकायतों का कचरा,
जो भरा पड़ा है
अलमारियों-दराज़ों में,
ढूंढ कर निकालते हैं उसे,
फेंक आते हैं कूड़ेदान में.

एक बाल्टी लेते हैं,
डालते हैं ढक्कन-भर
प्यार का फिनायल
और लगा देते हैं पोंछा 
समूचे घर में.

सोमवार, 13 अप्रैल 2020

४२३. परिंदों की दुनिया

Bird, Western Yellow Wagtail

परिंदों,
निकल जाओ घोंसलों से,
बेख़ौफ़ घूमो,
चंद दिनों के लिए 
हमने छुट्टी ले ली है,
फ़िलहाल यह दुनिया,
जो तुम्हारी भी है,
तुम्हारे हवाले की है.