हटाओ मुझे यहाँ से,
कहीं और ले चलो.
यहाँ बहुत उजाला है,
हवाएं शांत हैं,
यहाँ मेरे जलने
या न जलने से
कोई फ़र्क नहीं पड़ता.
मुझे वहाँ ले चलो
जहाँ खूब अँधेरा हो,
तेज़ हवाएं चलती हों,
जहाँ मेरी ज़रूरत हो,
जहाँ मुझे लगे
कि मैं जल रहा हूँ.
कुछ दे सकते हो मुझे,
तो लड़ने का संबल दो,
नई बाती डालो मुझमें
और ढेर सारा तेल.
अँधेरा हटाने दो मुझे,
हवाओं से लड़ने दो,
बुझते-बुझते जलने दो,
ले चलो मुझे यहाँ से,
मेरा जलना सार्थक करो.



