सीधे-सपाट रास्तों पर चलना
मुझे अच्छा नहीं लगता,
ऊबड़-खाबड़, टेढ़े-मेढ़े रास्तों पर
चलने का मज़ा ही कुछ और है.
ऐसे रास्तों पर चलकर लगता है
कि चलना हो रहा है,
सपाट रास्तों पर तो लगता है
कि रास्ता कहीं है और हम कहीं और.
ऐसे रास्तों पर चलकर लगता है
कि हम चल ही नहीं रहे,
लगता है कि हम तो स्थिर हैं
और रास्ता है, जो चल रहा है.


